राजस्थान

Jodhpur: पेंशन भुगतान की मांग पर जेएनवीयू में हंगामा

Admindelhi1
23 April 2026 10:01 AM IST
Jodhpur: पेंशन भुगतान की मांग पर जेएनवीयू में हंगामा
x

जोधपुर: जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) में पेंशनर्स ने बकाया पेंशन के भुगतान की मांग को लेकर आज भी पेंशन सोसाइटी के बैनर तले केंद्रीय कार्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आज के धरने में उन अभावग्रस्त अशैक्षणिक वरिष्ठ कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कमान संभाली जिन्होंने या तो अपने परिजनों को पेंशन न मिलने के कारण खो दिया या जो धनाभाव के कारण भूखों मरने के कगार पर हैं।

प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से स्पष्ट कहा कि अब केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित में पेंशन भुगतान की गारंटी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पेंशनधारकों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन बकाया पेंशन का भुगतान न करके अन्याय का परिचय दे रहा है, जो हमें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं है।

अधिकांश कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि वे अपने परिवार का न केवल भरण पोषण करने में असमर्थ हैं बल्कि उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा भी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे ही अनेक कर्मचारियों ने अपनी व्यथा सबके समक्ष व्यक्त की। जिनमें बाबू लाल सियोटा, अमर सिंह, प्रदीप कुमार शर्मा, नूरजहां, रविन्द्र सिंह शेखावत, मोहम्मद शरीफ, जेठू सिंह, तथा परमेश्वर सिंह चौहान आदि थे।

आज प्रदर्शन में सम्मिलित होने वालों में पूर्व कुलपति प्रो. भंवर सिंह राजपुरोहित, प्रो. कैलाश नाथ व्यास, प्रो. बीना त्रिपाठी, प्रो. पीके बनर्जी, राकेश मेहता, राधे श्याम शर्मा, दिनेश रामावत, गोपाल चौहान आदि के साथ साथ अनेक वरिष्ठ जन भी उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संयोजक अशोक व्यास और अध्यक्ष प्रोफेसर राम निवास शर्मा ने कहा कि जब तक हमारी पेंशन का भुगतान नहीं हो जाता या विश्वविद्यालय लिखित में बकाया पेंशन भुगतान की तारीख नहीं बताएगा, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

Next Story