राजस्थान

Jodhpur: मानसून सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, डीआरएम ने स्टेशनों का किया निरीक्षण

Admindelhi1
25 July 2026 11:01 AM IST
Jodhpur: मानसून सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, डीआरएम ने स्टेशनों का किया निरीक्षण
x
रेलवे की मानसून तैयारी का जायजा, डीआरएम पहुंचे जैसलमेर-रामदेवरा

जोधपुर: मानसून के दौरान सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जैसलमेर और रामदेवरा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

डीआरएम ने जैसलमेर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और जहां भी कमियां पाई गईं,उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान दोनों स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। मानसून के मद्देनजर स्टेशन भवनों और परिसर में वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए,ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीआरएम ने सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की भी जांच की तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यदक्षता और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि रेल संचालन सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध बना रहे। इस दौरान उनके साथ अनेक अधिकारी, सुपरवाइजर्स और निरीक्षक थे।

Next Story