राजस्थान

Jodhpur: जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज

Admindelhi1
17 Sept 2026 8:01 PM IST
Jodhpur: जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज
x
कल से शुरू होगा दो दिवसीय शिक्षा सम्मेलन

जोधपुर: शहर में 18 सितंबर से अलग-अलग संगठनों के जिला शैक्षिक सम्मेलनों का आयोजन होगा। इसके लिए आज तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) खंड महानगर जोधपुर की ओर से आगामी जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पीले चावल बांटकर आमंत्रण दिया गया। खंड महानगर जोधपुर के अध्यक्ष अशोक चौधरी एवं मंत्री विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टोली बनाकर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रताप नगर एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिवांची गेट दूसरा पुलिया सहित खंड महानगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर स्टाफ साथियों को सम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए पीले चावल देकर आमंत्रित किया।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि 18-19 सितंबर को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किसान कन्या नागौरी बेरा में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) जिला जोधपुर का जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में संगठन के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के साथ शिक्षकों की शैक्षिक एवं संगठनात्मक भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। मंत्री विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में संगठन के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं राजस्थानी पगड़ी एवं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सहभागिता करेंगे।शारीरिक शिक्षक संघ का जिला स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन 18 व 19 सितंबर को होगा।

वहीं शारीरिक शिक्षक संघ जिला शाखा जोधपुर के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बेनीवाल व जोधपुर महानगर के जिलाध्यक्ष दिनेश सांखला ने बताया कि 18 व 19 सितंबर को संघ का अधिवेशन राजकीय अंध विद्यालय आंगनवा में आयोजित किया जाएगा।

अधिवेशन में जोधपुर ग्रामीण व जोधपुर महानगर के शारीरिक शिक्षक भाग लेंगे। जिलामंत्री किशन मेघवाल व महानगर के जिला मंत्री महेंद्र चौधरी ने बताया कि दो दिवसीय अधिवेशन में खेलों में सुधार, खेल मैदानों की उपलब्धता, शारीरिक शिक्षा कैडर को सुदृढ़ करने, कैडर की लम्बित मांगों का ज्ञापन तैयार कर राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष दिनेश सांखला ने बताया कि एक हजार तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक, द्वितीय श्रेणी में पदोन्नत हुए हैं, उनको जल्द पदस्थापन करवाने व नई भर्ती शुरू करने की भी मांग की जाएगी।

खेल मैदानों में प्रतियोगिताओं के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए चर्चा की जाएगी। अधिवेशन के दूसरे दिन खुला मंच रखा जाएगा, जिसमें शारीरिक शिक्षकों के सुझाव लिए जाएंगे और ज्ञापन बनाकर सरकार को प्रेषित किया जाएगा।

Next Story