जोधपुर: पुलिस ने पांच सौ किलोग्राम अवैध अफीम के साथ डोडा चूरा से भरी पिकअप को कब्जे में लिया, तस्कर फरार

राजस्थान क्राइम न्यूज़: जिले की ग्रामीण पुलिस ने देचू के सुखमंडला गांव में पशुबाड़े के चारे में छुपाकर रखी एक पिकअप को जब्त कर 503 किलो अफीम डोडा चूरा को बरामद किया है। इसमें तीन लोगों को नामजद करते हुए उनकी तलाश आरंभ की गई है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल ने बताया कि अवैध मादक पदार्थो की तस्करी की रोकथाम के लिये विशेष अभियान के तहत पुुलिस थाना देचू में घर से भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी पिकअप गाडी मय 503.6 किलोग्राम डोडा चूरा के बरामद करने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने बताया कि मुखबिरी सूचना थी कि सुखमंडला निवासी सुमेराराम पुत्र जुगताराम जाट के घर में पशुओं के चारे के लिये बना रखे चद्दर के हॉल में छुपा कर खड़ी कर रखी एक बिना नम्बरी पिकअप गाडी में भारी मात्रा में डोडा चूरा भरा हुआ है, जिसको जेठाराम पुत्र बाबूलाल जाट निवासी आगोलाई बालेसर व करण उर्फ जीतू निवासी चामू देचू वाले सप्लाई देकर गए है।
इस सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची। तब घर में बने टीनशेड के पशु चारा बाडे में खड़ी कर रखी पिकअप एवं घर की तलाशी में कुल 503.6 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को नामजद करते हुए उनकी अब तलाश आरंभ की है।





