राजस्थान

Jodhpur: संसदीय कार्य मंत्री का दिल्ली दौरा, मंत्रियों से मुलाकात कर लिया फीडबैक

Admindelhi1
25 July 2026 8:30 AM IST
Jodhpur: संसदीय कार्य मंत्री का दिल्ली दौरा, मंत्रियों से मुलाकात कर लिया फीडबैक
x
केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के बाद संसदीय कार्यों पर हुई चर्चा

जोधपुर: संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल गुरुवार को एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर रहे। संसदीय कार्य मंत्री ने संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र लूणी में रेलवे से जुड़े विभिन्न विषयों और लूणी नदी के बहाव क्षेत्र में भूजल के लवणीय होने की समस्या से अवगत करवाया।

पटेल ने केंद्रीय रेल मंत्री से लूणी जंक्शन के लेवल क्रॉसिंग संख्या- सी 1/ 223 पर ओवर ब्रिज निर्माण, लूणी खंड लेवल क्रॉसिंग संख्या 224 और 228 पर अंडर ब्रिज निर्माण की मांग रखी। केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने आमजन की सुगम आवाजाही से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि लूणी में दो रेलवे लाइनें स्थित होने के कारण 80 से अधिक ट्रेनों की आवाजाही निरंतर बनी रहती है, जिससे यह फाटक घंटों बंद रहता है। साथ ही लूणी कस्बे से होकर गुजरऩे वाले स्टेट हाईवे 68, पुलिस थाना, उपखंड, तहसील एवं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों की उपस्थिति के कारण यहां यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है, फाटक के निरंतर बंद रहने से स्थानीय जनता को हमेशा असुविधा का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने कहा कि लूणी में रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण से ट्रैफिक जाम समस्या का स्थायी समाधान होगा।

विधि मंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री शेखावत से मुलाक़ात कर लूणी नदी के बहाव क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्र लूणी के 65 से अधिक तालाबों एवं भूजल के खारेपन की समस्या से अवगत करवाया। पटेल ने कहा कि इस विकट समस्या के वैज्ञानिक और भूगर्भीय कारणों का पता लगाने के लिए केन्द्रीय भूजल बोर्ड या संबंधित एजेंसी के माध्यम से एक विस्तृत सर्वे एवं तकनीकी विश्लेषण करवाया जाए।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री शेखावत ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को दूरभाष पर लूणी नदी के बहाव क्षेत्र में भूजल और तालाबों का जल लवणीय होने की समस्या से अवगत करवाया। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने विस्तृत तकनीकी सर्वे करवाने का भरोसा दिलाया।

Next Story