राजस्थान

Jodhpur: आधुनिक स्किल्स से रोजगार के नए अवसर, जेएनवीयू में कार्यशाला आयोजित

Admindelhi1
16 July 2026 8:14 PM IST
Jodhpur: आधुनिक स्किल्स से रोजगार के नए अवसर, जेएनवीयू में कार्यशाला आयोजित
x

जोधपुर: जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) के कैरियर काउंसलिंग सेंटर एवं प्रबंधन विभाग ने प्रेपज़ो के सहयोग से विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते परिवेश के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रोजगार तैयारी कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को आधुनिक भर्ती प्रक्रिया, डिजिटल पहचान, साक्षात्कार की तैयारी तथा रोजगारोन्मुख कौशलों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला का संचालन प्रेपज़ो के संस्थापक दिव्यांशु ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, प्रभावी संवाद कौशल और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अधिकांश कंपनियां आवेदनों की प्रारंभिक जांच स्वचालित प्रणाली के माध्यम से करती हैं, इसलिए नौकरी की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी जीवनवृत्त तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान विद्यार्थियों को उपयुक्त जीवनवृत्त तैयार करने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। कार्यशाला में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अभ्यास सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को साक्षात्कार और समूह चर्चा की तैयारी कराई गई। इस दौरान उन्हें उत्तर देने की शैली, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण में सुधार के लिए त्वरित सुझाव भी दिए गए।

कैरियर काउंसलिंग सेंटर के समन्वयक डॉ. निशांत गहलोत ने कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल साधनों और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा। प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा गहलोत ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार, उद्यमिता और नेतृत्व के लिए भी सक्षम बनाना है।

Next Story