राजस्थान

Jodhpur: शिक्षा विभाग में ट्रांसफर को लेकर सरकार सख्त, दिलावर ने दी जानकारी

Admindelhi1
20 July 2026 12:29 PM IST
Jodhpur: शिक्षा विभाग में ट्रांसफर को लेकर सरकार सख्त, दिलावर ने दी जानकारी
x
शिक्षा विभाग में अब नहीं होंगे तबादले, दिलावर ने किया स्पष्ट

जोधपुर: शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का कहना है कि अब शिक्षा विभाग में तबादलों पर प्रतिबंध लग चुका है। अब किसी तबादले पर चर्चा नहीं होगी। रविवार को जोधपुर आए शिक्षा मंत्री ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि अब तबादलों पर बैन लग चुका है।

वहीं एक सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्थानांतरण पर प्रतिबंध 10 तारीख तक खुला हुआ था, अब बंद हो गया है। अब कोई ट्रांसफर पर चर्चा नहीं। जहां जिनका ट्रांसफर जहां हो गया है, वहां जाकर अपना काम करें। एक सवाल के जवाब ने दिलावर ने कहा कि जहां एक जगह पर दो जनों का तबादला हुआ है, वहां पहला जो लगा हुआ है, वो एपीओ होगा। इसके लिए मैंने पहले ही निर्देश दिए हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा अपने परिवार के सभी सदस्यों का जान-बूझकर अलग-अलग जगह पर ट्रांसफर करने के आरोप पर दिलावर ने कहा उनके लिए वो परिवार के सदस्य होंगे, मेरे लिए तो पूरा शिक्षा विभाग मेरा परिवार है। विपक्ष द्वारा पंचायती राज चुनाव को लेकर सरकार पर हार के डर चुनाव नहीं कराने के आरोप पर दिलावर ने कहा कि राजस्थान की जनता उनकी बात पर विश्वास नहीं करती, न ध्यान देती है।

इससे पहले, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर रविवार को जोधपुर दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने निजी स्कूल के शिक्षकों, स्कूल संचालकों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों, सरकारी शिक्षकों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपे। मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत में तबादलों, पंचायत चुनाव और विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी।

Next Story