राजस्थान

Jodhpur: प्रगणक और पर्यवेक्षकों को उत्कृष्ट योगदान पर किया गया सम्मानित

Admindelhi1
31 May 2026 12:52 PM IST
Jodhpur: प्रगणक और पर्यवेक्षकों को उत्कृष्ट योगदान पर किया गया सम्मानित
x
"उत्कृष्ट कार्य के लिए जनगणना कर्मियों को सम्मानित किया गया"

जोधपुर: नगर निगम जोधपुर कार्यालय में शनिवार को जनगणना 2027 के अंतर्गत एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम जोधपुर क्षेत्र में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण कार्य को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से संपादित करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया गया।

नगर निगम के आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन में प्रत्येक सप्ताह उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में इस सप्ताह भी निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रत्येक चार्ज स्तर से चार्ज अधिकारियों द्वारा चयनित दो प्रगणकों एवं एक पर्यवेक्षक को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में नगर निगम जोधपुर के सभी आठों जोनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आयुक्त राहुल जैन द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 24 कार्मिकों (16 प्रगणक एवं 8 पर्यवेक्षक) को निगम सभागार में सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने जनगणना कार्य में लगे पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से उनके कार्य अनुभवों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं एवं विकास नीतियों की मजबूत आधारशिला है। आयुक्त ने सभी कार्मिकों से जनगणना कार्य को पूर्ण समर्पण, जिम्मेदारी एवं गुणवत्ता के साथ सम्पन्न करने का आह्वान किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Next Story