
जोधपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के महामंदिर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आज मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मनरेगा दिवस के अवसर पर सुबह गोकुलजी प्याऊ चौराहा पर शहरी क्षेत्र के मजदूरों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महामन्दिर ब्लॉक के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. हेमसिंह गहलोत ने संवाद में बताया कि महत्वकांशी योजना मनरेगा को खत्म कर मजदूरों के अधिकारों, सम्मान एवं रोजगार सुरक्षा को समाप्त करते हुई केन्द्र की भाजपा सरकार नया बीजी राम जी कानून लाई है जो मजदूरों के भविष्य के लिए खतरा है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री राजेन्द्रसिंह सोलंकी ने संबोधन में आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना का नाम परिवर्तित कर बीजी राम जी करने का प्रयास भाजपा का एक षड्यंत्र है, जिसका उद्देश्य योजना की मूल भावना को कमजोर करना तथा मजदूर हितों से ध्यान भटकाना है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने नया कानून बनाने के बाद मजदूरों के सुलभ एवं रोजगार के भविष्य पर चिंता जताई।
पूर्व महापौर कुन्ती परिहार ने भी संबोधित कर कहा कि मनरेगा देश के गरीब, श्रमिक एवं ग्रामीण वर्ग के जीवन से जुड़ी योजना है, जिसके स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के मण्डल अध्यक्ष नरेन्द्र पूरी, भवतोष गहलोत, अशोक भाटी, मधुसुदन जोशी, मनीष भाटी, पूर्व पार्षद मयंक देवड़ा, दीप सिंह, रवि खिची, महेंद्र सिंह टाक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





