राजस्थान

Jodhpur: रैली के जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उठाई जनहित की आवाज

Admindelhi1
16 July 2026 8:17 PM IST
Jodhpur: रैली के जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उठाई जनहित की आवाज
x
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

जोधपुर: अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ के आह्वान पर गुरवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नई सडक़ चौराहा के पास स्थित राजीव गांधी सर्कल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने राजस्थान सरकार से राज्य कर्मचारी का दर्जा, मानदेय में बढ़ोतरी, पेंशन और अन्य सरकारी कर्मचारियों के समान सेवा सुविधाएं देने की मांग की।

आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे पोषण अभियान, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, कुपोषण उन्मूलन और प्री-स्कूल शिक्षा जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं। इसके अतिरिक्त, वे सर्वे, जनगणना, चुनाव और पल्स पोलियो अभियान सहित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भी योगदान देती हैं। वर्तमान में उन्हें 8 हजार से 12 हजार रुपये तक का मानदेय मिलता है, जो बढ़ती महंगाई में परिवार के भरण-पोषण के लिए अपर्याप्त है।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही नियमित वेतनमान, महंगाई भत्ता, चिकित्सा सुविधा, अर्जित अवकाश, मातृत्व अवकाश, सामाजिक सुरक्षा और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि वे आर्थिक और सामाजिक रूप से सुरक्षित जीवन जी सकें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Next Story