Jodhpur: इंटीग्रेटेड बीलिब-एमलिब पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, जेएनवी विश्वविद्यालय ने खोले दाखिले

जोधपुर: जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के पुस्तकालय विज्ञान विभाग में सत्र 2026-27 के लिए दो वर्षीय इंटीग्रेटेड बी.लिब.आई.एससी.-एम.लिब.आई.एससी. पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों के लिए बिना विलम्ब शुल्क फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
पुस्तकालय विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राम सिंह आढ़ा ने बताया कि इस दो वर्षीय पाठ्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह है कि इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।
पाठ्यक्रम में मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट की व्यवस्था होने से विद्यार्थियों को अपनी आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुसार अध्ययन जारी रखने अथवा निर्धारित स्तर पर पाठ्यक्रम से बाहर निकलने की सुविधा प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाला विद्यार्थी यदि दो सेमेस्टर सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद पाठ्यक्रम छोड़ता है तो नियमानुसार उसे एक वर्षीय बी.लिब.आई.एससी. की डिग्री प्रदान की जाएगी।
वहीं, चार सेमेस्टर सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर विद्यार्थी एम.लिब.आई.एससी. की डिग्री प्राप्त कर सकेगा। इस प्रकार विद्यार्थियों को एक ही इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम के अंतर्गत चरणबद्ध रूप से शैक्षणिक योग्यता अर्जित करने का अवसर उपलब्ध है। प्रो. आढ़ा ने बताया कि विश्वविद्यालय के लागू नियमों के अनुसार पात्र विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम के साथ एक अन्य पाठ्यक्रम भी नियमित विद्यार्थी के रूप में कर सकते हैं। इससे ऐसे विद्यार्थी भी पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में व्यावसायिक योग्यता प्राप्त कर सकते हैं, जो साथ-साथ किसी अन्य विषय या पाठ्यक्रम में अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। पाठ्यक्रम की अवधि दो वर्ष अर्थात चार सेमेस्टर है। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट अथवा पुस्तकालय विज्ञान विभाग से प्राप्त की जा सकती है।





