राजस्थान

Jhunjhunu: झुंझुनू में सड़क हादसा, थार ने बुजुर्ग को कुचला

Admindelhi1
27 Jan 2026 1:37 PM IST
Jhunjhunu: झुंझुनू में सड़क हादसा, थार ने बुजुर्ग को कुचला
x

झुंझुनू: झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ थाना इलाके में रविवार रात तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में घेराबंदी कर आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार रघुनाथपुरा निवासी धर्मपाल (70) रोजाना की तरह रविवार शाम हाईवे पार कर पास ही स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। दर्शन के बाद जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे तभी सूरजगढ़ से चिड़ावा की ओर जा रही काले रंग की थार ने उन्हें टक्कर मार दी। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि धर्मपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के बाद थार ड्राइवर ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं। घायल को संभालने या मदद करने के बजाय उसने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। भागते समय उसने रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर लगे बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे ब्ब्ज्ट कैमरों में कैद हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों और दिल्ली की ओर जा रहे एक अन्य वाहन ड्राइवर ने घायल धर्मपाल को तुरंत चिड़ावा उप जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में पुलिस टीम अलर्ट हो गई। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। सूरजगढ़ पुलिस ने चिड़ावा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए भाग रही काली थार को चिड़ावा के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। हादसे के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

Next Story