राजस्थान

Jhunjhunu: कांग्रेस से जीतीं गीता सैनी, भाजपा के समर्थन से चेयरमैन बनीं

Admindelhi1
19 Sept 2026 10:45 AM IST
Jhunjhunu: कांग्रेस से जीतीं गीता सैनी, भाजपा के समर्थन से चेयरमैन बनीं
x
गीता सैनी के निर्विरोध चेयरमैन बनने से बदले समीकरण

झुंझुनूं: खेतड़ी नगरपालिका में चेयरमैन पद का चुनाव दिलचस्प सियासी मोड़ के साथ खत्म हुआ। कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनी गईं गीता सैनी भाजपा में शामिल हुईं और आज नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद निर्विरोध नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दी गईं।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सुनील चौहान ने नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद गीता सैनी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया। खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों के चुनाव में भाजपा के 8, कांग्रेस के 4 और निर्दलीय 13 पार्षद निर्वाचित हुए थे। गीता सैनी वार्ड 5 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनी गई थीं। अध्यक्ष पद के नामांकन के अंतिम दिन उन्होंने भाजपा का दामन थामकर भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था।

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद गीता सैनी ने खेतड़ी के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पेयजल, सड़क व्यवस्था और शहर की अन्य समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही पिछले वर्षों में विकास से जुड़ी रह गई कमियों को पूरा कराने और विधायक एवं सरकार के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने की बात कही।

निर्वाचन की घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और गीता सैनी के समर्थकों ने मुख्य मार्गों से विजयी जुलूस निकाला। खेतड़ी में इस निर्विरोध निर्वाचन के साथ स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीतिक कवायद भी समाप्त हो गई।

Next Story