राजस्थान

Jalore: सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत

Admindelhi1
30 Jun 2026 12:45 PM IST
Jalore: सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत
x
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

जालोर: जिले के झाब थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे दो दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

झाब थाना के एएसआई किशलाल ने बताया कि सोमवार को सरहद चौरा के पास बाइक और कार की टक्कर की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सांचौर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शव सांचौर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गणपत सिंह राजपुरोहित (40) निवासी अरनू भीनमाल (जालोर) तथा खुमान सिंह (35) निवासी ढोक चौहटन (बाड़मेर) के रूप में हुई है। दोनों सांचौर बाजार स्थित लक्ष्मी किराना दुकान पर साथ काम करते थे और प्रत्येक पूर्णिमा पर बिजरोल स्थित खेतेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए साथ जाते थे।

सोमवार को भी वे दर्शन के लिए निकले थे, तभी सांचौर से करीब 35 किलोमीटर आगे सरहद चौरा के पास लियादरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गणपत सिंह अपने पीछे सात बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि खुमान सिंह अविवाहित थे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा फरार कार चालक की तलाश जारी है।

Next Story