आमेर महल में सजी जयपुर की गौरवशाली विरासत, फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आमेर महल के दीवाने आम में जयपुर हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी के पांचवें सीजन का शुभारंभ हुआ। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग की सहभागिता से आयोजित प्रदर्शनी में गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेन्द्र सहित अन्य अधिकारियों ने किया। आयोजन में 50 से अधिक फोटोग्राफर्स और कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित की हैं। ऐतिहासिक स्मारकों, मंदिरों, परकोटे और पुरानी गलियों की तस्वीरें पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। पूर्व महाराजा सवाई भवानी सिंह की दुर्लभ पुरानी तस्वीरें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
फेस्टिवल की संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य देशी-विदेशी पर्यटकों को जयपुर की समृद्ध कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है।





