राजस्थान

Jaipur: पुलिस अकादमी में महिला जनसुनवाई, समस्याओं का होगा समाधान

Admindelhi1
10 March 2026 10:58 AM IST
Jaipur: पुलिस अकादमी में महिला जनसुनवाई, समस्याओं का होगा समाधान
x
"राजस्थान पुलिस अकादमी में महिला जनसुनवाई का आयोजन"

जयपुर: राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस वर्ष के अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नई पहल की है। इसके अन्तर्गत देशभर में 9 से 14 मार्च तक महिला सुनवाई अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के साथ उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। जयपुर में इस अभियान का नेतृत्व व निर्देशन करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर पधारी हैं। उन्होंने सोमवार को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 9 से 14 मार्च तक महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत देश के लगभग 500 जिलों में महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के माध्यम से करीब 15 हजार महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं तथा इससे उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलती है। इस दौरान श्रीमती विजया रहाटकर ने जयपुर जिले के 22 पंजीकृत केस एवं 31 अपंजीकृत केस का मौके पर ही निस्तारण करवाया।

रहाटकर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार की जनसुनवाई से महिलाओं को न्याय दिलाने की प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल, पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण राशी डोगरा डुडी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी शिकायतों का समाधान किया।

Next Story