राजस्थान

Jaipur: 2 जून से राजस्थान में बदलेगा मौसम का रुख

Admindelhi1
1 Jun 2025 12:17 PM IST
Jaipur: 2 जून से राजस्थान में बदलेगा मौसम का रुख
x
कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

जयपुर: राजस्थान में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दाे जून से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिसके चलते दाे से चार जून के बीच दोपहर के बाद प्रदेश के कई जिलों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के 14 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। साथ ही दाे से चार जून के बीच अधिकांश हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश की गतिविधियों की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार हवाओं के साथ कहीं-कहीं बारिश की भी संभावना जताई गई है। भरतपुर जिले में बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को दिन की शुरुआत तेज धूप और उमस के साथ हुई, लेकिन शाम करीब पांच बजे मौसम ने अचानक करवट ली। धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।

शनिवार को भरतपुर, अलवर, धौलपुर और बारां में आंधी-बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। वहीं, श्रीगंगानगर, चूरू और हनुमानगढ़ में लू जैसे हालात रहे। इन जिलों में तापमान दाे से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। राजधानी जयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। शहर में बादल छाए रहे और हल्की धूप के बीच उमस ने लोगों को परेशान किया।

Next Story