राजस्थान

Jaipur: वेल मार्क लो प्रेशर एरिया से बदलेगा मौसम, पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार

Admindelhi1
2 Sept 2026 9:41 AM IST
Jaipur: वेल मार्क लो प्रेशर एरिया से बदलेगा मौसम, पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार
x
पूर्वी भारत में बना मजबूत मौसम तंत्र, राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून

जयपुर: पूर्वी भारत के ऊपर एक वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बन गया है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि पश्चिम राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती है। मंगलवार को धौलपुर के राजाखेड़ा में हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में मामूली उछाल देखा गया। जयपुर में छितराए बादल छाए रहे। इससे जयपुर के पारे में हल्की उछाल दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान 0.8 और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की उछाल देखी गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वेल मार्क लो प्रेशर एरिया मंगलवार को भी उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर बना हुआ है। इसके आगामी 48 घंटों में धीरे-धीरे उत्तरी उड़ीसा व झारखंड की ओर आगे बढऩे की संभावना है। इसके प्रभाव से भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 2-3 सितंबर से बारिश का एक नया दौर देखने को मिलेगा। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कोटा संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। 8 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में पुन: बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

Next Story