राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का रुख, कई इलाकों में होगी बरसात

Admindelhi1
1 Nov 2025 1:21 PM IST
Jaipur: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का रुख, कई इलाकों में होगी बरसात
x

जयपुर: राजस्थान के कई जिलों में शनिवार को भी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे बाद यानी तीन नवंबर को एक नया माैसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिसके असर से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी इलाकों विशेषकर उदयपुर और कोटा संभाग में तीन से चार दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

माैसम विभाग की रिपाेर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बांसवाड़ा के जगपुरा में सबसे अधिक 57 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं डूंगरपुर में 3.5 मिलीमीटर, फतेहपुर में एक मिमी और भीलवाड़ा व करौली में एक मिलीमीटर से कम बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ और डबोक में भी बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर में बना डिप्रेशन सिस्टम अभी सक्रिय है, जिसकी वजह से नमी का असर राज्य के कई हिस्सों में बना रहेगा। जयपुर में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा।

पिछले 24 घंटों में राज्य के जयपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, अलवर, बारां, डूंगरपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, पाली, सीकर, कोटा, उदयपुर, करौली और झुंझुनूं जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

आने वाले दिनों में एक नवंबर काे कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश के आसार जताए गए हैं।

दाे नवंबर काे उदयपुर और जोधपुर संभागों में हल्की बारिश की संभावना है।

तीन नवंबर काे कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

चार नवंबर काे कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभागों में हल्की बारिश के साथ मौसम में ठंडक बढ़ेगी।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत में ही लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस बार ठंड की दस्तक सामान्य से पहले हो सकती है।

Next Story