राजस्थान

Jaipur: सावन के पहले दिन मौसम मेहरबान, फतेहपुर में भारी बारिश

Admindelhi1
31 July 2026 11:15 AM IST
Jaipur: सावन के पहले दिन मौसम मेहरबान, फतेहपुर में भारी बारिश
x
फतेहपुर में रिकॉर्ड 4 इंच बारिश, 12 शहर हुए तरबतर

जयपुर: सावन के पहले दिन जयपुर सहित करीब 12 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश सीकर के फतेहपुर में चार इंच दर्ज की गई। तेज बारिश के बाद यहां पर सड़कें दरिया बन गई और दुकानों में पानी घुस गया। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन सिस्टम के असर से 2 अगस्त तक तेज बारिश का मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 40.1 डिग्री के साथ बाडमेर का दिन और 29.9 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भीलवाड़ा, कोटा, बीकानेर, डूंगरपुर, संगरिया, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चूरू, अजमेर और सीकर सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश हुई। चूरू, जयपुर, सवाई माधोपुर सहित कई जिलों के अलग-अलग हिस्सों में पानी बरसा। चूरू के राजलदेसर में मूसलाधार बारिश से मुख्य बाजार, रिहायशी इलाकों और सरकारी अस्पताल में पानी भर गया। अस्पताल के उपकरणों और रिकॉर्ड को लाखों के नुकसान की आशंका है। यहां सरदारशहर के बाजारों में भी तीन फीट तक जलभराव हो गया। लगातार बारिश के कारण सवाई माधोपुर के रणथंभौर में झरने बहने लगे।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना गहरा अवदाब कमजोर होकर अवदाब में परिवर्तित हो चुका है तथा वर्तमान में उत्तरी उड़ीसा, दक्षिणी झारखंड व आसपास के लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र से धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर आगे बढऩे की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग के ज्यादातर भागों में आगामी 5 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। जोधपुर संभाग के दक्षिणी भागों में भी 31 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।

गुरुवार को जयपुर के कई हिस्सों में बारिश हुई। जलसंसाधन विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश जालसू में 43 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा चौमूं में 25 और कालवाड़ में 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर के चौमूं में तेज बारिश के कारण सड़कें डूब गईं। जयपुर शहर में भी दिनभर बादल छाए और बीच-बीच में धूप भी खिली। हालांकि जयपुर में सुबह कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें भी गिरी।

Next Story