राजस्थान

Jaipur: मौसम विभाग का अलर्ट, राजस्थान के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Admindelhi1
31 July 2026 2:51 PM IST
Jaipur: मौसम विभाग का अलर्ट, राजस्थान के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
x
राजस्थान में मानसून मेहरबान, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

जयपुर: राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 5 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर बना रहेगा।

बीते 24 घंटे के दौरान सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अजमेर, बूंदी, कोटा और प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। कई स्थानों पर एक से दो इंच तक वर्षा हुई। वहीं कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से गर्मी बढ़ गई है। जैसलमेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफ वर्तमान में जैसलमेर, कोटा और रायसेन होते हुए छत्तीसगढ़ के ऊपर बने डीप डिप्रेशन सिस्टम से होकर गुजर रही है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से राजस्थान में 5 से 6 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा अजमेर जिले के सरवाड़ में 45 मिलीमीटर हुई। इसके अलावा प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में 23 मिमी, पीपलखूंट में 18 मिमी, झुंझुनूं के खेतड़ी में 18 मिमी, कोटा के सांगोद में 20 मिमी, डिगोद में 10 मिमी, सीकर के खंडेला में 27 मिमी, रींगस में 29 मिमी और नीमकाथाना में 34 मिमी पानी बरसा।

उधर, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर भी बरकरार रहा। गुरुवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में 40.1, बीकानेर में 39.6, फलोदी में 38.8, चूरू में 38.2, श्रीगंगानगर में 37 और जोधपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Next Story