राजस्थान

Jaipur: आधा दर्जन शहरों में मौसम ने बदली दिशा

Admindelhi1
19 March 2026 2:16 AM IST
Jaipur: आधा दर्जन शहरों में मौसम ने बदली दिशा
x

जयपुर: एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश का मौसम बदला नजर आया। प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आगामी दो दिन जयपुर सहित करीब दो दर्जन शहरों में आंधी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश फतेहपुर में 7.5 मिलीमीटर दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पिलानी, सीकर, जैसलमेर , फतेहपुर सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई। इस दौरान तेज गति की हवाएं भी चली। आंधी बारिश से रबी की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वर्तमान में रबी की फसल पककर खेतों में खड़ी है या किसान काटकर खेतों में पटक रखी है। आंधी बारिश से प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के शहरों के तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 36.6 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 23.8 डिग्री के साथ बाड़मेर की रात सबसे गर्म रही। इसके अलावा पाली, फलौदी और जयपुर की रात का पारा भी 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से आगामी दो-तीन दिन कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी-बारिश (40-50 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। बुधवार को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। 19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की संभावना है। 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। जयपुर में चली धूलभरी हवाएं, पारा चढ़ा जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम छितराए बादल छाए रहे। शाम को कुछ स्थानों पर धूलभरी हवाएं चली। इससे वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। जपयुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.4 और न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी रही। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। 19 और 20 को पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर में कहीं-कहीं आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है।

Next Story