राजस्थान

Jaipur: वीबी-जी राम जी लोगो प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगा 50 हजार का इनाम

Admindelhi1
21 March 2026 2:29 AM IST
Jaipur: वीबी-जी राम जी लोगो प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगा 50 हजार का इनाम
x

जयपुर: प्रदेश में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए रचनात्मकता दिखाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा “विकसित भारत-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथि को 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें।

अभियान के तहत “60 सेकंड्स फॉर माय विलेज” राष्ट्रीय वीडियो/रील चैलेंज और वीबी-जी राम जी एक्ट क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। पहले इनकी अंतिम तिथि क्रमशः 21 मार्च और 23 मार्च निर्धारित थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है। यह अभियान माय भारत पोर्टल के माध्यम से देशभर में संचालित किया जा रहा है।

ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव एवं ईजीएस आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को विकास और आजीविका से जोड़ते हुए उन्हें अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना है। इसी कड़ी में वीबी-जी राम जी लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है, जिसमें चयनित सर्वश्रेष्ठ डिजाइन को अधिनियम का आधिकारिक लोगो बनाया जाएगा। विजेता को ₹50 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

“माय विलेज चैलेंज” के तहत युवा अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन में अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर सकते हैं।

इसके लिए प्रतिभागियों को 30 से 60 सेकंड की अवधि का अधिकतम 25 एमबी साइज का वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में तैयार कर माय भारत पोर्टल पर अपलोड करना होगा।

चयनित प्रतिभागियों को केन्द्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

Next Story