राजस्थान
Jaipur: केंद्रीय पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री नें 9.36 करोड़ के 154 कार्यों का उद्घाटन
Tara Tandi
16 Feb 2025 7:49 PM IST

x
Jaipur जयपुर । केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव रविवार को खैरथल-तिजारा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मुंडावर पंचायत समिति कि 44 ग्राम पंचायत में 9.36 करोड़ रुपये के 154 विकास कार्यों तथा उप स्वास्थ्य केंद्र श्री कृष्ण नगर मुंडावर का उद्घाटन किया। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने सर्वप्रथम मुंडावर पंचायत समिति पहुंचकर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का माल्यार्पण कर पंचायत समिति प्रांगण में अमर जवान शहीद स्मारक का विधिवत रूप से उद्घाटन किया।
श्री यादव ने कहा कि पंचायत समिति एवं विधायक कोष के माध्यम से 44 ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स, ओपन जिम, सिंगल फेस बोरिंग, गंदे पानी की निकासी, श्मशान की चारदीवारी सहित कई अन्य कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पंचायत भवन को मल्टीपरपज सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके। उन्होंने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए गांवों में पानी की निकासी एवं कचरा निस्तारण की दिशा में ठोस कदम उठाने की घोषणा की। जिले में वेस्ट मैनेजमेंट प्लान लागू किया जाएगा ताकि सूखे और गीले कचरे का उचित निस्तारण हो सके। अपने उद्बोधन में भूपेंद्र यादव ने ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके उपयोग को बंद करने की अपील की। उन्होंने घरों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
युवा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने चिरूनी गांव में एक खेल स्टेडियम बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए 'सांसद खेल उत्सव' की शुरुआत की गई है, जिसमें लगभग 20,000 से अधिक बच्चों ने भाग लिया है और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने युवाओं को 'हिट भी रहें, फिट भी रहें' का संदेश दिया।
श्री यादव ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया और 'लखपति दीदी' योजना के तहत उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं और आने वाले समय में और अधिक योजनाएं लागू की जाएंगी।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने राज्य की उच्च माध्यमिक विद्यालय राजवाड़ा के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया तथा विद्यालय में सरस्वती मूर्ति का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री तथा उपस्थित अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट का वितरण भी किया, साथ ही राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने उद्बोधन के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलावों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने और उनमें कैपेसिटी बिल्डिंग बढ़ाने की आवश्यकता को प्रमुख बताया। केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने विद्यालय में ई लाइब्रेरी बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा की प्रिंसिपल प्रस्ताव बनाकर भेजें ताकि हम मिलकर एक अच्छी लाइब्रेरी स्थापित कर सकें और विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान कर सकें।
श्री यादव ने केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने की योजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सरकार विज्ञान (Science), टेक्नोलॉजी (Technology), इलेक्ट्रॉनिक्स (Electronics) और गणित (Mathematics) को मिलाकर स्टीम शिक्षा को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर विद्यार्थी शुरू से ही इन विषयों में रुचि लेंगे तो वे आगे जाकर मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकेंगे।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि आज का युग डिजिटल क्रांति का है और भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने कहा, आज से 20 वर्षों बाद मशीनें इंसानों से ज्यादा जवाबदेही वाली होंगी। ऐसे में हमें अपने छात्रों को टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स और साइंस की तरफ प्रेरित करना होगा।
केंद्रीय जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मैनपुर ग्राम पंचायत के गांव कृष्ण नगर में उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन भी किया।
TagsJaipur केंद्रीय पर्यावरणवन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री9.36 करोड़154 कार्यों उद्घाटनJaipur Union EnvironmentForest and Climate Change Minister9.36 crores154 works inauguratedजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





