राजस्थान

Jaipur: आईपीएल महामुकाबले पर जयपुर में यातायात एडवाइजरी जारी, डायवर्जन रहेगा

Admindelhi1
19 May 2026 12:26 PM IST
Jaipur: आईपीएल महामुकाबले पर जयपुर में यातायात एडवाइजरी जारी, डायवर्जन रहेगा
x
आईपीएल को लेकर जयपुर पुलिस का ट्रैफिक अलर्ट, वैकल्पिक मार्ग तय

जयपुर: राजधानी के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मंगलवार को आईपीएल-2026 के तहत राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले को लेकर जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले मैच के दौरान वीआईपी मूवमेंट और हजारों दर्शकों की भीड़ को देखते हुए स्टेडियम के आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयाल के अनुसार दोपहर बाद से टोंक रोड, भवानी सिंह रोड, भगवान दास रोड, जनपथ, पंकज सिंघवी मार्ग और कठपुतली मार्ग पर भारी यातायात दबाव रहेगा। आमजन को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में यूनिवर्सिटी गेट से टोंक रोड की ओर आने वाले सामान्य वाहनों को जनता स्टोर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं टोंक रोड पर सामान्य ट्रैफिक को गांधी नगर मोड़ से गांधी सर्किल और आरबीआई कट से गणेश मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा। जेडीए चौराहे से रामबाग की तरफ आने वाले वाहनों को गांधी सर्किल या त्रिमूर्ति सर्किल की ओर भेजा जाएगा, जबकि अंबेडकर सर्किल से स्टैच्यू सर्किल की ओर आने वाले ट्रैफिक को आवश्यकता अनुसार विधानसभा कट से ज्योति नगर की ओर निकाला जाएगा।

मैच के दौरान स्टेडियम के चारों ओर सड़क पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए वैलेट पार्किंग और ऑनलाइन कैब सेवाओं के लिए विशेष पिकअप एवं ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। वेस्ट और साउथ गेट के लिए बमरूदों का बाग, ईस्ट गेट के लिए सुबोध स्कूल पार्किंग तथा नॉर्थ गेट के लिए एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड को निर्धारित किया गया है।

यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी तय की है। टोंक रोड, सांगानेर और मालवीय नगर की ओर से आने वाले दर्शक सुबोध स्कूल मैदान और बमरूदों का बाग में वाहन पार्क कर सकेंगे। वहीं अजमेर रोड, वैशाली नगर और सोडाला क्षेत्र से आने वाले दर्शकों के लिए बमरूदों का बाग तथा दिल्ली रोड, जवाहर नगर और ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से आने वालों के लिए एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस के अनुसार मैच समाप्ति के बाद बमरूदों का बाग में पार्क किए गए वाहनों का निकास कठपुतली रोड की तरफ से कराया जाएगा। साथ ही एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुचारु रखा जाएगा।

Next Story