राजस्थान

Jaipur: प्रदेश में मौसम हुआ गर्म, सर्दी के बाद गर्मी का असर

Admindelhi1
25 Feb 2026 5:25 PM IST
Jaipur: प्रदेश में मौसम हुआ गर्म, सर्दी के बाद गर्मी का असर
x

जयपुर: राजस्थान के पश्चिमी हिस्से से सर्दी की पूरी तरह विदाई हो चुकी है और प्रदेश में गर्मी का सीजन शुरू हो गया है। राज्य के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा जा रहा है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में, खासकर होली के आसपास, गर्मी और तेज होने की संभावना है। इस दौरान एंटीसाइक्लोन बनने और पश्चिमी राजस्थान से हीटवेव चलने के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में मापा गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ और दोपहर में पसीने छूट गए।

राजधानी जयपुर में दिन के समय हल्के बादल छाए रहे, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी जारी रही। यहां अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में गर्मी के साथ हल्की उमस भी महसूस की गई।

सुबह-शाम की ठंड भी अब लगभग समाप्त हो चुकी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली। जयपुर, अलवर और उदयपुर सहित कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा। प्रदेश में अब सुबह-शाम की सर्दी भी लगभग खत्म हो गई है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक अधिक मापा गया। मंगलवार रात बीकानेर में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी ऊपर है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है।

Next Story