राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में फिर मौसम ने ली करवट, आंधी और बारिश का दौर

Admindelhi1
4 Jun 2026 1:07 PM IST
Jaipur: राजस्थान में फिर मौसम ने ली करवट, आंधी और बारिश का दौर
x
"नए पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश"

जयपुर: राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से बुधवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। उदयपुर जिले में दोपहर बाद बारिश हुई, जबकि डूंगरपुर जिले के साबला क्षेत्र में बेर के आकार के ओले गिरे।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी कई जिलों में तेज अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है।

विभाग के अनुसार 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही को छोड़कर बाकी जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक अन्य मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में बुधवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा। सबसे अधिक तापमान बीकानेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

इसके अलावा जैसलमेर में 43.4 और श्रीगंगानगर में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम साफ रहने के कारण दिनभर तेज धूप और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले 24 घंटों के दौरान सिरोही और उदयपुर जिलों में घने बादल छाए रहे तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर और दौसा जिलों में भी शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिला।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।

Next Story