राजस्थान

Jaipur: महास्वच्छता अभियान का छठा चरण शुरू, जयपुर में तेज होगा सफाई अभियान

Admindelhi1
8 Sept 2026 12:30 PM IST
Jaipur: महास्वच्छता अभियान का छठा चरण शुरू, जयपुर में तेज होगा सफाई अभियान
x
महास्वच्छता अभियान के छठे चरण से जयपुर में सफाई को मिलेगी गति

जयपुर: मानसून के बाद जयपुर शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जयपुर का विशेष महास्वच्छता अभियान सोमवार को मालवीय नगर, जगतपुरा एवं झालाना जोन में चलाया गया। स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की थीम पर अभियान के छठे चरण में तीनों जोन के सभी वार्डों में सघन सफाई की गई।

अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर से स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त जगतपुरा-झालाना अर्पणा शर्मा, मालवीय नगर जोन उपायुक्त मुकुट सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 8 सितंबर तक सात चरणों में विभिन्न जोनों में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में आधुनिक मशीनरी एवं संसाधनों का उपयोग कर कम समय में प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आमजन से खुले में कचरा नहीं फेंकने और घर-घर आने वाले हूपर में ही कचरा डालने की अपील की।

सोमवार को तीनों जोन में स्वच्छता कर्मचारियों और मशीनरी की संयुक्त टीमों ने जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाया। विभिन्न स्थानों पर बने खुले कचरा डिपो को जेसीबी एवं डंपर की सहायता से हटाया गया। जलभराव और जल निकासी वाले स्थानों पर सुपर सकर सहित अन्य संसाधनों का उपयोग किया गया।

अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने बताया कि मंगलवार को सांगानेर जोन में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Next Story