राजस्थान

Jaipur: विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर कमियों को दुरुस्त कराया जाएगा

Tara Tandi
25 Feb 2025 5:22 PM IST
Jaipur: विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर कमियों को दुरुस्त कराया जाएगा
x
Jaipur जयपुर । खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा कृषि उपज मंडी समिति, बानसूर एवं गौण मण्डी यार्ड नारायणपुर में किए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता की जाँच की जाएगी एवं कमियां पाए जाने पर उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का कृषि विपणन मंत्री की तरफ से जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बानसूर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत कृषि उपज मंडी समिति, बानसूर एवं गौण मण्डी यार्ड नारायणपुर में 330.53 लाख के कार्य स्वीकृत किये गए थे। जिनमें से 283.46 लाख के कार्य पूर्ण किये गए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहाँ 20 दुकानें निर्मित है। जिनमें से 8 दुकानें आवंटित एवं 12 दुकानें रिक्त है। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त, 2022 को विभाग द्वारा आवंटन विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन कोई भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।
इससे पहले विधायक श्री देवी सिंह शेखावत के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में कृषि विपणन मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र बानसूर के नारायणपुर उपखण्ड में नारायणपुर गौण मण्डी यार्ड घोषित है,जिसमें फल-सब्जी का व्यापार होता है। विधानसभा क्षेत्र बानसूर के अन्तर्गत कृषि उपज मंडी समिति, बानसूर एवं गौण मण्डी यार्ड नारायणपुर में अप्रैल 2018 से 31 दिसम्बर, 2024 तक सम्पादित कराये गये निर्माण कार्यों का विवरण मय स्वीकृत राशि, व्यय राशि, कार्यवार/संवेदकवार विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा। इसके साथ ही संवेदकों से करवाये गये कार्यों, नाम एवं भुगतान राशि का विवरण भी उन्होंने सदन के पटल पर रखा।
Next Story