राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में पीपल्स ग्रीन पार्टी का बड़ा दावा, पूरे प्रदेश में चुनाव लड़ने का ऐलान

Admindelhi1
24 Aug 2026 9:38 AM IST
Jaipur: राजस्थान में पीपल्स ग्रीन पार्टी का बड़ा दावा, पूरे प्रदेश में चुनाव लड़ने का ऐलान
x
राजस्थान में चुनावी तैयारी तेज, पीपल्स ग्रीन पार्टी सभी सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

जयपुर: आगामी चुनावों को लेकर पीपल्स ग्रीन पार्टी (पीजीपी) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए पूरे राजस्थान में चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नसीम अंसारी ने कहा कि पार्टी अब चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन का विस्तार कर चुनाव लड़ेगी।

अंसारी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य राजस्थान के हर क्षेत्र में जनता से सीधे जुड़ना और ऐसी राजनीतिक व्यवस्था को मजबूत करना है, जिसमें आमजन, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग अपनी आवाज प्रभावी ढंग से उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय से स्थापित राजनीतिक विकल्पों के बीच ईमानदार, जनहितैषी और मुद्दा आधारित राजनीतिक विकल्प तलाश रही है। पीजीपी इसी जरूरत को पूरा करने का प्रयास करेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में राजस्थान के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ आगामी चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों और मजबूत जनाधार वाले चेहरों की पहचान की जाएगी। पार्टी का फोकस बूथ और विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा।

अंसारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने के बजाय आमजन के रोजमर्रा के मुद्दों और समस्याओं को लेकर लगातार उनके बीच रहें। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

अंसारी ने कहा कि पार्टी की राजनीति जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने के बजाय मानवता, सामाजिक न्याय, समान अवसर और विकास के मुद्दों पर केंद्रित रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर वर्ग को साथ लेकर जनता के मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास किया जाएगा।

Next Story