राजस्थान

Jaipur: लंगड़ाते कदमों से बाजार पहुंचा चाकूबाजी आरोपी

Admindelhi1
11 Sept 2026 12:03 PM IST
Jaipur: लंगड़ाते कदमों से बाजार पहुंचा चाकूबाजी आरोपी
x
आमेर में आरोपी को पुलिस ने कराया पैदल मार्च

जयपुर: आमेर थाना इलाके में स्थित ऐतिहासिक पर्यटन स्थल पर दो दिन पूर्व कार ले जाने और रास्ता पूछने की मामूली बात पर हुए जानलेवा चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी जीप चालक आजम का इलाके में खौफ खत्म करने और कानून का इकबाल बुलंद करने के लिए मुख्य बाजार में पैदल परेड निकाली। वारदात के बाद पुलिस की गिरफ्त में आया शातिर आरोपी आजम लंगड़ाते कदमों से उसी बाजार से गुजरा, जहाँ दो दिन पहले उसने दहशत फैलाई थी। पुलिस टीम की कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को आमेर के मुख्य मार्गों, संकरी गलियों और बाजार क्षेत्रों में घुमाया गया। इस दौरान बाजार में मौजूद व्यापारियों और राहगीरों ने पुलिस की इस त्वरित व सख्त कार्रवाई की सराहना की।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व आमेर महल के पास कार ले जाने और रास्ता पूछने जैसी मामूली सी कहासुनी को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपी आजम ने तैश में आकर चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद आमेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकाबंदी की और आरोपी आजम को दबोच लिया था।

आमेर थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पैदल परेड कराने का मुख्य उद्देश्य इलाके के असामाजिक तत्वों और अपराधियों में कानून का डर पैदा करना है। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और आम नागरिकों के मन से भय को दूर कर यह संदेश देना है कि पुलिस हर स्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयुक्त हथियार और उसके अन्य संभावित साथियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Next Story