राजस्थान

Jaipur: 2.65 लाख घरों तक पहुंचा रूफटॉप सोलर का फायदा, राजस्थान ने बनाया रिकॉर्ड

Admindelhi1
16 July 2026 7:43 PM IST
Jaipur: 2.65 लाख घरों तक पहुंचा रूफटॉप सोलर का फायदा, राजस्थान ने बनाया रिकॉर्ड
x
रूफटॉप सोलर मिशन में राजस्थान ने हासिल किया बड़ा मुकाम

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश ने 1,000 मेगावाट से अधिक रूफटॉप सोलर स्थापित क्षमता का आंकड़ा पार करते हुए नया कीर्तिमान बनाया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक राज्य के 2 लाख 65 हजार से अधिक घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

ऊर्जा विभाग के अनुसार प्रदेश में रूफटॉप सोलर की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 1001.57 मेगावाट तक पहुंच गई है। इससे न केवल आमजन को बिजली बिल में राहत मिल रही है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मार्गदर्शन में संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ बड़ी संख्या में प्रदेशवासी उठा रहे हैं। यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक सौर ऊर्जा का लाभ पहुंचाने और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग तथा प्रदेश की सभी विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम्स) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

राज्य सरकार का मानना है कि रूफटॉप सोलर संयंत्रों के विस्तार से भविष्य में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी, उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आएगी और राजस्थान हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

Next Story