राजस्थान

Jaipur: टैंकर पलटने से मचा हड़कंप, पुलिस-दमकल मौके पर

Admindelhi1
13 May 2026 12:35 PM IST
Jaipur: टैंकर पलटने से मचा हड़कंप, पुलिस-दमकल मौके पर
x
सड़क हादसे में इथेनॉल टैंकर पलटा, दमकल तैनात

जयपुर: राजधानी के दौलतपुरा थाना इलाके में मंगलवार दोपहर अजमेर-दिल्ली हाईवे पर अप्पू घर के पास इथेनॉल से भरा टैंकर पलटने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे के बाद टैंकर कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा ज्वलनशील इथेनॉल सड़क पर रिसने लगा। संभावित विस्फोट और आगजनी के खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर हाईवे के दोनों रूट बंद कर दिए।

थाना प्रभारी सुनील गोदारा ने बताया मुजफ्फरनगर से जामनगर जा रहा टैंकर दोपहर करीब एक बजे अप्पू घर के पास पहुंचा था। इसी दौरान आगे चल रही कार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक प्रेम चौधरी निवासी बाड़मेर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। टैंकर में इथेनॉल भरा था, जो अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ है और पेट्रोल व शराब में मिश्रण के रूप में उपयोग होता है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में केमिकल की तीखी गंध फैल गई, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब आधा दर्जन दमकलों ने लगातार सात घंटे तक पानी की बौछार कर कूलिंग ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। वहीं हादसे के कारण अजमेर-दिल्ली हाईवे पर लंबा जाम लग गया और हजारों वाहन घंटों फंसे रहे। पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों और सर्विस रोड से डायवर्ट किया। देर रात क्रेनों की मदद से टैंकर को सीधा करवाया गया तथा कंपनी का दूसरा टैंकर मौके पर बुलाया गया। प्रशासन और पुलिस देर रात तक मौके पर मुस्तैद रहे।

Next Story