राजस्थान

Jaipur: जनगणना-2027 के पहले चरण का राजस्थान में सफल समापन

Admindelhi1
17 Jun 2026 11:18 AM IST
Jaipur: जनगणना-2027 के पहले चरण का राजस्थान में सफल समापन
x

जयपुर: भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’ का कार्य राजस्थान में निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई।

प्रथम चरण के तहत 1 से 15 मई तक स्वगणना तथा 16 मई से 14 जून तक घर-घर जाकर आंकड़ों के संग्रहण का कार्य किया गया। इस दौरान राजस्थान के 41 जिलों और 10 नगर निगम क्षेत्रों की 759 तहसीलों, नगर परिषदों एवं नगरपालिकाओं के कुल 1,34,091 गणना ब्लॉकों में सर्वेक्षण कार्य संपादित किया गया।

इस विशाल अभियान में 103 मास्टर ट्रेनर, 2,550 फील्ड ट्रेनर, करीब 23 हजार पर्यवेक्षक और 1.40 लाख प्रगणकों सहित राज्य सरकार के लगभग 3,500 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

जनगणना निदेशालय ने राज्य सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया है।

निदेशालय के अनुसार, प्रथम चरण में भवनों और मकानों का सूचीकरण करने के साथ परिवारों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी एकत्र की गई। साथ ही जनसंख्या का प्रारंभिक अनुमान भी प्राप्त किया गया, जिससे दूसरे चरण में कार्यों का बेहतर विभाजन किया जा सकेगा।

प्रथम चरण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़े सीधे केंद्रीय स्तर पर प्रेषित किए गए हैं।

जनगणना का दूसरा चरण, जिसमें जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी, फरवरी 2027 में देशभर में (हिमाच्छादित क्षेत्रों को छोड़कर) एक साथ आयोजित किया जाएगा।

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि प्रथम चरण से संबंधित कोई भी आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं। जनसंख्या संबंधी सभी आंकड़े केवल भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा ही आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे।

Next Story