राजस्थान

Jaipur: कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान

Admindelhi1
27 March 2026 12:19 PM IST
Jaipur: कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान
x

जयपुर: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने प्रदेश में 30 मार्च तक मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को भी राज्य के करीब आठ जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को जोधपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। कई जिलों में हल्की बारिश भी हुई। गुरुवार को बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, झुंझुनूं और सीकर सहित नागौर, जैसलमेर व जोधपुर के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद मौसम बदला।

तेज धूप के बीच अचानक बादल छाए और कई स्थानों पर धूलभरी तेज हवाएं चलीं।

कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बाड़मेर, कोटा, उदयपुर और जयपुर समेत दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में मौसम सामान्य बना रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 28 मार्च से एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय होगी, जिसका असर पूरे राजस्थान में देखने को मिलेगा। 28 से 30 मार्च के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कटी हुई या पकी फसलें यदि खेतों या खुले स्थानों पर रखी हैं, तो उन्हें सुरक्षित एवं ढके हुए स्थान पर रखने की अपील की गई है, ताकि बारिश और ओलों से नुकसान से बचा जा सके।

विशेषज्ञों के अनुसार इस अवधि में मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है, इसलिए आमजन और किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Next Story