राजस्थान

जयपुर: राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड 2022-23 में 22 भर्तियां कराएगा, शुरुआत एपीआरओ भर्ती परीक्षा से होगी

Admin Delhi 1
17 April 2022 8:29 AM GMT
जयपुर: राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड 2022-23 में 22 भर्तियां कराएगा, शुरुआत एपीआरओ भर्ती परीक्षा से होगी
x

राजस्थान न्यूज़: कर्मचारी चयन बोर्ड वित्तीय वर्ष 2022-23 में 22 भर्तियां कराएगा। इसकी शुरुआत 24 अप्रैल को एपीआरओ भर्ती परीक्षा से होगी। अब तक सात भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 27.67 लाख आवेदन आए हैं। बोर्ड ने 4 भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर रखी है। यानी, कुल 11 भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। बोर्ड के पास पांच नई भर्तियों की अभ्यर्थना पहुंच चुकी है। इन्हें मिलाकर देखा जाए तो चयन बोर्ड के पास 16 भर्तियां हैं। जेईएन भर्ती में डिप्लोमा व डिग्री के हिसाब से 6 अलग-अलग भर्तियां हैं। इन्हें अलग-अलग जोड़ें तो भर्तियों की संख्या 22 तक पहुंच जाती है। भविष्य में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती की जिम्मेदारी मिली तो यह इस साल की चयन बोर्ड के पास 23वीं भर्ती होगी। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव का कहना है कि चयन बोर्ड से भी मांग की है कि जो भी अभ्यर्थना आए, उसमें भर्ती की प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ कर दी जाए। 23-24 जुलाई को होने वाली रीट के बाद 46 हजार 500 पदों पर तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती होगी। इस भर्ती की जिम्मेदारी चयन बोर्ड को मिलने की संभावना है। चयन बोर्ड का कहना है कि इस साल दिसंबर तक बोर्ड के पास अन्य भर्तियों का काम रहेगा। इसलिए तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती की जिम्मेदारी मिली तो उसे जनवरी से मार्च तक ही आयोजित कराया जा सकता है। अगर यह भर्ती मिली तो चयन बोर्ड के पास इस साल 69 हजार 108 पदों के भर्ती की जिम्मेदारी मिल जाएगी।

राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से वरिष्ठ अध्यापक भर्ती की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है। आवेदन की प्रक्रिया 11 अप्रैल से प्रारंभ हुई थी, जो 10 मई तक चलेगी। यह भर्ती 9760 पदों के लिए की जा रही है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा का कहना है कि इस बार भर्तियों की भरमार है। करीब दो दर्जन भर्तियां हैं। कुछ की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है, कुछ की जल्दी प्रारंभ होगी। प्रयास है कि ये समय पर पूरी हों।

Next Story