राजस्थान

Jaipur: पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य सरकार उठा रही जरूरी कदम- मुख्यमंत्री

Tara Tandi
10 April 2025 10:27 AM IST
Jaipur: पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य सरकार उठा रही जरूरी कदम- मुख्यमंत्री
x
Jaipur जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को अपने दो दिवसीय हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर दौरे के तहत श्रीगंगानगर के बुड्ढा जोहड़ में श्री बिश्नोई मंदिर (डाबला) में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
इस दौरान श्री शर्मा ने मंदिर परिसर में मौजूद आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए मां अमृता देवी ने जो बलिदान दिया था, उसे आज भी सभी पूर्ण श्रद्धा भाव से नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि बिश्नोई समाज सदैव पर्यावरण संरक्षण के लिए अग्रणी रहता है तथा पशु-पक्षियों के लिए उनका त्याग व प्रेम का भाव भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बुड्ढा जोहड़ के ही शहीद नगर गुरूद्वारा साहिब में मत्था टेका तथा वहां उपस्थित सेवादारों व जनसमूह से आत्मीय संवाद किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का श्रीगंगानगर से बुड्ढा जोहड़ के रास्ते में आमजन व किसानों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गन्ने से गुड़ बनाने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने किसान के साथ चारपाई पर बैठकर छाछ पी और ताजा गुड़ खाया।
इस अवसर पर श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक, विधायक श्री गुरवीर सिंह बरार तथा बिश्नोई मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री अरविंद सियाग सहित मंदिर समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में दर्शनार्थी उपस्थित रहे।
Next Story