राजस्थान

Jaipur: 252 खिलाड़ियों और 49 टीमों के साथ खेल महोत्सव का समापन

Admindelhi1
20 July 2026 12:20 PM IST
Jaipur: 252 खिलाड़ियों और 49 टीमों के साथ खेल महोत्सव का समापन
x
खेलों के उत्सव का समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

जयपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पौंड्रिक नगर, जयपुर महानगर की ओर से आयोजित दो दिवसीय स्वामी विवेकानंद खेल महोत्सव का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। महोत्सव में 252 खिलाड़ियों ने एकल प्रतियोगिताओं तथा 49 टीमों ने विभिन्न टीम प्रतियोगिताओं में भाग लेकर खेल भावना, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का परिचय दिया।

खेल महोत्सव का शुभारंभ जयपुर महानगर के सह कार्यवाह रूपसिंह के सान्निध्य में हुआ, जबकि दूसरे दिन आयोजित टीम प्रतियोगितियों का संचालन एवं मार्गदर्शन जयपुर महानगर के सह महानगर कार्यवाह अशोक शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी जाह्नवी मेहरा रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभाव के विकास का सशक्त आधार भी हैं। उन्होंने स्वस्थ, सशक्त एवं संगठित समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

दो दिवसीय महोत्सव के दौरान कबड्डी, चक्रिका छू, रस्साकशी, वलय गोल सहित विभिन्न पारंपरिक भारतीय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें पौंड्रिक नगर की सभी बस्तियों से खिलाड़ियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव का संयोजन पुष्पेंद्र राठौड़ ने किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व नगर संघचालक वैद्य केदारनाथ शर्मा ने संभाला।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। आयोजन के अंत में स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प लिया गया।

Next Story