राजस्थान

Jaipur: गिव-अप अभियान में लाएं तेजी, जरूरतमंदों को मिले योजना का लाभ

Tara Tandi
11 Oct 2025 5:26 PM IST
Jaipur: गिव-अप अभियान में लाएं तेजी, जरूरतमंदों को मिले योजना का लाभ
x
Jaipur जयपुर । खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार को उदयपु कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
श्री गोदारा ने एनएफएसए आवेदनों की वर्षवार प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन को आधार सीडिंग में आ रही समस्या को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ई-केवायसी नवंबर माह का गेहूं वितरित नहीं किया जाएगा, विशेष परिस्थितियों में जिला कलेक्टर जरूरतमंद लोगों को एनएफएसए योजना से जोड़ सकते हैं।
गिव-अप अभियान पर जोर, लापरवाही बरतने वालो पर होगी कार्रवाई—
श्री गोदारा ने गिव-अप अभियान में तेजी लाकर इसका वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों को ही मिलना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपात्र लोगों को योजना से हटाने के लिए नियमित सर्वे करने और प्रगति सुनिश्चित न करने पर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
अनियमितता करने वाले राशन डीलरों पर करें सख्ती—
श्री गोदारा ने कहा कि राशन डीलरों को सरकार द्वारा नियमित रूप से समय पर भुगतान किया जा रहा है। राशन वितरण में अनियमितता करने वाले डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और वरिष्ठ अधिकारी समय- समय पर औचक निरीक्षण करें। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में नए लोगों को जोड़ने और विभागीय कार्यों को पारदर्शी बनाने के निर्देश भी दिए।
श्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना समेत केंद्र और राज्य सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी सभी राशन दुकानों पर बोर्ड लगाकर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिले में रिक्त राशन दुकानों की स्थिति पर भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उदयपुर शहर विधायक श्री ताराचंद जैन, गोगुन्दा विधायक श्री प्रताप भील, वल्लभनगर विधायक श्री उदयलाल डांगी, जिला कलेक्टरश्री नमित मेहता, उप जिला प्रमुख श्री पुष्कर तेली , डीएसओ प्रथम सृष्टि डबास, डीएसओ द्वितीय श्री मनीष भटनागर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Next Story