राजस्थान

Jaipur: बम से उड़ाने की सूचना पर एसएमएस अस्पताल में अलर्ट

Admindelhi1
13 May 2026 5:39 PM IST
Jaipur: बम से उड़ाने की सूचना पर एसएमएस अस्पताल में अलर्ट
x
"धमकी के बाद अस्पताल परिसर में सर्च ऑपरेशन"

जयपुर: प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, सिविल डिफेंस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और अस्पताल परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। कई घंटे तक चली जांच के बाद अस्पताल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।

एसएमएस थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर एक व्यक्ति ने फोन कर एसएमएस अस्पताल परिसर में बम होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी यूनिट, पार्किंग क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच शुरू कर दी।

सुबह करीब 8 बजे से ओपीडी शुरू होने के कारण अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन मौजूद थे। बम की धमकी की खबर फैलते ही कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए मरीजों एवं परिजनों को शांत रहने की अपील की और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने अस्पताल के चप्पे-चप्पे की जांच की, लेकिन किसी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी भरा कॉल हरियाणा के महेंद्रगढ़ से किया गया था। जयपुर पुलिस की सूचना पर हरियाणा पुलिस ने आरोपित मोनू गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। जयपुर पुलिस की एक टीम उसे जयपुर लाकर पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में मामला शरारत और अफवाह फैलाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस संबंध में विधायकपुरी थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Next Story