राजस्थान

Jaipur: सेवा भारती करेगी सर्वजातीय विवाह का आयोजन

Admindelhi1
25 March 2026 2:11 AM IST
Jaipur: सेवा भारती करेगी सर्वजातीय विवाह का आयोजन
x

जयपुर: सेवा भारती जयपुर के तत्वावधान में श्री राम जानकी सर्वजातीय 15 वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 25 अप्रैल जानकी नवमी के शुभ मुहूर्त में अंबावाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित होगा। सेवा भारती के सहकार मार्ग स्थित कार्यालय में सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। विवाह सम्मेलन के अध्यक्ष विष्णु दत्त पुजारी ने अधिक से अधिक जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में गिरधारी लाल शर्मा, रामबाबू अग्रवाल, कैलाश शर्मा, द्वारका प्रसाद, संजना अग्रवाल, डॉ ओम प्रकाश भारती सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विवाह सम्मेलन के संयोजक नवल बगडिय़ा ने बताया कि 51 जोड़ों का विवाह करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 15 जोड़े तय हो चुके हैं। पंजीयन जारी है। सेवा भारती के मंत्री हनुमान सिंह भाटी ने बताया कि 14 वर्ष में 574 जोड़ों का वैदिक रीति से विवाह कराया जा चुका है। कोषाध्यक्ष हरि किशन गोयल ने बताया कि सर्व समाज के सहयोग से होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन में जरूरतमंद परिवारों को सम्मान पूर्वक विवाह करने का अवसर प्राप्त होता है। सभी जोड़ों को गृहस्थी के लिए पचास से अधिक उपहार, कपड़े, आभूषण भेंट किए जाएंगे। राज्य सरकार की ओर से निर्धारित राशि प्रदान की जाएगी। मौके पर ही विवाह प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। विवाह सम्मेलन में रजिस्ट्रेशन के लिए 95290 40360 और 01412740799 पर संपर्क किया जा सकता है।

Next Story