
जयपुर:अलवर जिले के मेवात क्षेत्र में मिलावटी दूध, मावा और पनीर के कथित कारोबार का मामला बुधवार को विधानसभा में उठाया गया। विधायक सुखवंत सिंह ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रक्रिया के नियम 295 के तहत विषय को उठाते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने आरोप लगाया कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में सिंथेटिक दूध बनाने का अवैध धंधा खुलेआम संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केमिकल मिलाकर तैयार किए जा रहे दूध से मावा, पनीर और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बनाई जा रही हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है।
सदन में रखे गए तथ्यों के अनुसार, सिंथेटिक दूध से तैयार मावा से बना कलाकंद 100 से 150 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाता है, जिसे बाद में बड़े मिष्ठान भंडारों में 400 से 500 रुपये प्रति किलो तक आम जनता को उपलब्ध कराया जाता है। विधायक ने यह भी कहा कि अलवर का मिल्क केक की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व मुनाफाखोरी कर रहे हैं और क्षेत्र की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से मांग की कि मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि मिलावटी दूध और उससे बने उत्पादों के सेवन से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए इस अवैध कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि यदि प्रभावी कार्रवाई की जाती है तो आमजन को राहत मिलेगी और क्षेत्र में फैल रहे इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकेगा।





