राजस्थान

Jaipur: जिला कलेक्टर एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं की समीक्षा

Tara Tandi
23 Feb 2025 6:41 PM IST
Jaipur: जिला कलेक्टर एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं की समीक्षा
x
Jaipur जयपुर । विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राज्य बजट की घोषणाओं का पूर्ण मुस्तैदी के साथ त्वरित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन कर सभी घोषणाओं को नियत समय में धरातल पर उतारें। सुथार रविवार को यहां जिला कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं की समीक्षा कर रहे थे।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि बजट घोषणाओं के लिए आवश्यक भूमि चिह्नीकरण कर भूमि आवंटन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करें। साथ ही, जिन घोषणाओं को पूरा करने के लिए जमीन की आवश्यकता नहीं है, उनके त्वरित क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारी समयबद्ध कार्य योजना बनाकर तैयारी करें। उन्होंने कहा कि कहीं कोई समस्या हो तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करें और जरूरत होने पर राज्य सरकार को अवगत कराएं।
उन्होंने एक-एक नवीन बजट घोषणा की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों से धरातल पर क्रियान्विति के लिए चरणबद्ध टाइम लाइन की जानकारी ली। उन्होंने इसी टाइम लाइन के अनुरूप बजट घोषणाओं का त्वरित और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गत बजट की भी बिन्दुवार समीक्षा की और क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने पाॅवर प्वाॅइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से गत वर्ष की बजट घोषणाओं की प्रगति से अवगत कराया और नवीन बजट घोषणाओं की क्रियान्विति के लिए बनाई कार्य योजना के बारे में बताया। उन्होंने गत बजट में जमीन आवंटन, टेंडर एवं कार्य की वर्तमान स्थिति तथा नवीन बजट घोषणाओं के लिए जमीन की आवश्यकता एवं उपलब्धता एवं संबंधित विभाग की तैयारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की त्वरित क्रियान्विति के लिए संबंधित विभागों ने तैयारी शुरु कर दी है और सभी घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामस्वरूप चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र कुमार मीणा, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा, उपखण्ड अधिकारी मूलचंद लूणिया सहित सम्बंधित ¨विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
Next Story