राजस्थान

Jaipur: दौसा में पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक

Tara Tandi
8 April 2025 6:15 PM IST
Jaipur: दौसा में पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक
x
Jaipur जयपुर । जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि ईसरदा वृहद पेयजल परियोजना का कार्य मिशन मोड पर करें ताकि दौसा जिले के सभी 1079 ग्राम और शहरी क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिल सके। मंत्री श्री चौधरी मंगलवार को दौसा जिला कलक्ट्रेट सभागार में जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ गर्मी के दौरान पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ले रहे थे।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि पेयजल परियोजनाओं की क्रियान्विति उसकी मूल डिजाइन के अनुरूप पूर्ण गुणवत्ता के साथ त्वरित गति से करें। पेयजल संबंधी कार्यो की अधिकारी नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करें और मिशन मोड पर लेकर तय समय में काम पूरा कराएं। उन्होंने ईसरदा परियोजना से जुड़े अधिकारियों को शेष रहे कार्य की गति बढ़ाते हुए जून तक हर हाल में काम पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आगामी बरसात के पानी का सदुपयोग हो सके और जनता तक नियत समय पर पानी पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि वन भूमि और प्रशासनिक तौर पर आ रही रुकावटों के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
दौसा जिले में चल रही पेयजल परियोजनाओं की विधानसभावार समीक्षा करते हुए कहा कि दीर्घकालीन परियोजनाओं के साथ पेयजल की वर्तमान जरूरतें पूरी करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने गर्मी के मौसम को मद्देनजर रखते हुए स्वीकृत हैंडपम्प और ट्यूबवैल के कार्य त्वरित गति से कराते हुए इस माह के अन्त तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रिल होने के तुरंत बाद बिजली कनेक्शन कराकर पानी की सप्लाई चालू कराएं। उन्होंने हैंडपम्प और ट्यूबवैल की खुदाई योजना में तय गहराई तक पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को टैंकर से पेयजल सप्लाई की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां सूखे जल स्रोत निकले हैं वहां के जल स्रोतों की गहराई की जांच करें। उन्होंने गत वर्ष जलस्तर बढ़ने के बावजूद कुछ ट्यूबवैल्स के सूखने को चिंताजनक बताते हुए इसके कारणों की पड़ताल कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाइप लाइन खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की मानकों के अनुरूप मरम्मत करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि दौसा जिले में कुल 1079 ग्रामों में से भूजल में पेयजल उपलब्धता वाले 393 ग्रामों के लिए ओटीएमपी के तहत 302 पेयजल योजनाएं स्वीकृत कर 117224 घरों में नल से जल उपलब्ध करवाने के लिए स्वीकृतियां जारी की की गई थी। इनमें से फिजिबल 96024 नल कनेक्शन में से अब तक 92880 घरों में नल से जल उपलब्ध करवा दिया गया है। राठौड़ ने बताया कि जिले में ओटीएमपी के तहत बनाई गई पेयजल योजनाओं में से 7115 नल कनेक्शन जल स्रोत सूखे निकल जाने और 6689 नल कनेक्शन कोर्ट केस के कारण लंबित चल रहे हैं। राठौड़ ने बताया कि सुखे जल स्रोतों वाली पेयजल योजनाओं को पूर्ण किए जाने एवं इनमें निवास करने वाले लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सक्षम स्तर से स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री रमेश चंद्र मीणा ने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष बजट में बांदीकुई के लिए 72.08 करोड़ एवं बसवा के लिए 30.46 करोड़ रुपए की पेयजल परियोजना घोषित की है, जिनके प्रस्ताव बनाकर भिजवा दिए गए हैं।
बैठक में जिला दौसा कलक्टर देवेंद्र कुमार, सिकराय विधायक श्री विक्रम बंसीवाल, लालसोट विधायक श्री रामविलास मीणा, महवा विधायक श्री राजेन्द्र मीणा, दौसा विधायक श्री दीनदयाल बैरवा, जिला अध्यक्ष श्री प्रभु दयाल शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
Next Story