राजस्थान

Jaipur: रामगंज में ईद से पहले बढ़ी रौनक

Admindelhi1
9 March 2026 1:54 AM IST
Jaipur: रामगंज में ईद से पहले बढ़ी रौनक
x
"ईद शॉपिंग से बाजारों में रौनक"

जयपुर: रमजान माह का पखवाड़ा बीतने के साथ ही राजधानी के बाजारों में ईद की खरीदारी शुरू हो गई है। रोजा और इफ्तार के बाद शाम ढलते ही परकोटे के बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगती है और देर रात तक खरीदार खरीदारी में जुटे रहते हैं।

ईद के मद्देनजर रामगंज बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है। यहां के साथ ही दर्डा मार्केट, चांदपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता और बड़ी चौपड़ क्षेत्र में भी खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। कपड़ों, जूतियों, क्रॉकरी और खाद्य पदार्थों की दुकानों पर सबसे ज्यादा रौनक है। व्यापारी अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाकर ग्राहकों को लुभाने में लगे हैं।

परकोटे के अलावा शास्त्री नगर, झोटवाड़ा, हसनपुरा और अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों से भी लोग ईद की खरीदारी के लिए रामगंज बाजार पहुंच रहे हैं। शाम से शुरू होने वाली भीड़ देर रात तक बनी रहती है।

रामगंज बाजार के कपड़ा व्यापारी अब्दुल जब्बार ने बताया कि रमजान की शुरुआत से ही बाजार में अच्छी हलचल है और ग्राहकों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। वहीं कपड़ा व्यापारी मुर्शिद का कहना है कि पिछले साल की तुलना में फिलहाल बाजार थोड़ा धीमा है, लेकिन रमजान के अंतिम दिनों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। जूता कारोबारी मोहम्मद जैद के अनुसार ईद के लिए जूते-चप्पलों की बिक्री अच्छी हो रही है और आने वाले दिनों में कारोबार और तेज होने की संभावना है।

रमजान में खाने-पीने की वस्तुओं की मांग भी बढ़ गई है। बाजार में पतली और मोटी सेवइयां, खजूर, ड्राई फ्रूट, फिरनी और हलीम की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। व्यापारी आरिफ कुरैशी ने बताया कि फिलहाल लोग खाद्य पदार्थों की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं, जबकि जैसे-जैसे ईद नजदीक आएगी, कपड़ों और अन्य सामान की बिक्री भी बढ़ेगी।

दडा मार्केट में भी महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है, जहां आधुनिक डिजाइन के कपड़े खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि अभी रमजान के करीब 13 दिन शेष हैं और ईद नजदीक आते ही बाजारों की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

Next Story