राजस्थान

Jaipur: राजस्थान की ज्वेलरी को जापान में मिलेगा नया बाजार, सहयोग को मिलेगी रफ्तार

Admindelhi1
24 Aug 2026 9:36 AM IST
Jaipur: राजस्थान की ज्वेलरी को जापान में मिलेगा नया बाजार, सहयोग को मिलेगी रफ्तार
x
जापान के साथ ज्वेलरी कारोबार बढ़ाएगा राजस्थान, सहयोग को मिलेगी नई दिशा

जयपुर: जापान के कोफू शहर के महापौर हिगुची यूइची के नेतृत्व में आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान और जापान के बीच उद्योग, निवेश, तकनीकी सहयोग तथा रत्न एवं आभूषण कारोबार के विस्तार पर चर्चा हुई। बैठक में जयपुर और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच दशकों पुराने संबंधों को और मजबूत करने तथा ज्वेलरी उद्योग में नई संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया।

जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार राज्य की खनिज संपदा, पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। जापान के साथ आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन और यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन को तकनीक, निवेश, कौशल विकास और व्यापार विस्तार के क्षेत्र में मिलकर काम करने का आह्वान किया। इससे कारोबार बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे।

महापौर हिगुची यूइची ने मुख्यमंत्री को बताया कि जयपुर और कोफू के बीच करीब तीन दशक से मजबूत संबंध हैं। जयपुर के कई ज्वेलरी उद्यमी और उनके परिवार वर्षों से कोफू में रह रहे हैं और वहां के ज्वेलरी उद्योग एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्यमशीलता और कौशल के साथ जापान की तकनीक, गुणवत्ता और परिशुद्धता का समन्वय दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।

बैठक में करीब दो वर्ष पूर्व जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन और यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी उल्लेख हुआ। दोनों पक्षों ने इसे संस्थागत सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में इसका दायरा बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति, कौशल और विशाल कार्यबल को जापान की उन्नत तकनीक, नवाचार, गुणवत्ता और कार्य संस्कृति से जोड़कर नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और विश्वासपूर्ण साझेदारी को समय की जरूरत बताया।

यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन की अंतरराष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष नवीन सौंखिया ने कहा कि जयपुर और यामानाशी के बीच वर्षों से मजबूत मानवीय और व्यावसायिक संबंध हैं। वहीं राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि जापानी निवेश और तकनीक के सहयोग से जयपुर का रत्न एवं आभूषण उद्योग वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेगा। इससे निर्यात, नवाचार और कौशल विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में यानागिमोतो चिकारा, अध्यक्ष, यामानाशी ज्वेलरी एसोसिएशन और शिंदो नाकाबा, वरिष्ठ सलाहकार, द यामानाशी चुओ बैंक लिमिटेड सहित ज्वेलरी और व्यापार जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान महापौर हिगुची यूइची ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कोफू आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए भविष्य में कोफू यात्रा की इच्छा व्यक्त की।

बैठक को राजस्थान और जापान के बीच रत्न एवं आभूषण उद्योग, निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जयपुर-कोफू के पुराने संबंधों को नई ऊर्जा मिलने और दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों के और मजबूत होने की उम्मीद है।

Next Story