
जयपुर: यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) व यूनाइटेड किंगडम( यूके) सहित यूरोपिय देशों को राजस्थान पर्यटन खासा पंसद है। राजस्थान में विदेशी पर्यटक यात्राओं में यूएसए व यूके क्रमशः पहले व दूसरे स्थान पर हैं।
राजस्थान पर्यटन की विविधता यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी व दक्षिणी अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया से लगातार पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल वर्ष-2024 तक भारत में कुल 9657003 ( छियानवे लाख सतावन हज़ार तीन) विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ, जिसमें से 2072407 ( बीस लाख बहत्तर हजार चार सौ सात) विदेशी पर्यटकों ने राजस्थान की यात्रा की। विदेशी पर्यटक यात्राओं की यह संख्या राजस्थान पर्यटन की अहमियत इसलिए भी दर्शाती है क्योंकि वर्ष-2023 की तुलना में वर्ष-2024 में प्रदेश विदेशी यात्राओं में 21.92 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई साथ ही वर्ष-2025 की पहले तीन महीने में 788735 ( सात लाख अठहत्तर हजार सात सौ पैतीस) विदेशी यात्राएं हो चुकी हैं।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दलीप सिंह राठौड़ के अनुसार राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा विदेशों में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट व फेयर्स में भागीदारी का ही परिणाम है कि राजस्थान मे विदेशी पर्यटक यात्राओं में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल एण्ड फ्रेंच ट्रेवल मार्ट (IFTM), टॉप रेसा, पेरिस फ्रान्स, टूरिज्म एक्सपो(JATA), जापान, वर्ल्ड ट्रेवल मार्केट(WTM) लंदन, यूके, स्पेन में आयोजित होने वाला इंटरनेशनल ट्रेवल फेयर (FITUR) या बर्लिन में आयोजित किया जाने वाले इंटरनेशनल टूरिज्म बोर्स बर्लिन (ITB) कुछ ऐसे ट्रेवल मार्ट व फेयर हैं जो अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी देश के लिए विदेशी पर्यटक यात्राओं को सुनिश्चित करते हैं। दलीप सिंह राठौड़ ने आगे कहा कि राजस्थान पर्यटन विभाग इन अन्तरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ प्रदेश की होटल एसोसिएशन्स, ट्रेवल व टूअर ऑफरेटर्स एसोसिएशन्स व अन्य स्टेक होल्डर्स की भागीदारी को सुनिश्चित करता है, जिससे प्रदेश में विदेशी पर्यटन यात्राओं में वृद्धि हो साथ ही प्रदेश में रोजगार के अवसर भी बढ़े।
संयुक्त निदेशक दलीप सिंह राठौड़ ने बताया की प्रदेश में राजस्थान में होने वाली विदेशी पर्यटक यात्राओं के प्रमुख तीस देशों की बात करें तो यूएसए व यूके बाद तकरीबन दस से अधिक यूरोपिय देशों से पर्यटक लगातार राजस्थान का रुख कर रहें हैं, इस कारण से विदेशों में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट्स व फेयर्स में प्रदेश पर्यटन की भागीदारी काफी महत्वपूर्ण हो जाती है।





