राजस्थान

Jaipur: राजस्थान के कई जिलों में बरसात का असर

Admindelhi1
23 March 2026 11:50 AM IST
Jaipur: राजस्थान के कई जिलों में बरसात का असर
x

जयपुर: राजस्थान में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में बादल छाने के साथ तेज गर्जना और बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बदलाव से प्रदेशभर के तापमान में गिरावट आ गई और लोगों को एक बार फिर हल्की सर्दी यानी “गुलाबी ठंड” का अहसास हुआ।

जयपुर में सुबह अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान विजिबिलिटी कम होने से दिन में ही सड़कों पर चल रहे वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। महज आधे घंटे की बारिश में कई सड़कों पर पानी बहने लगा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। इसी तरह अलवर में भी सुबह से घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

डीडवाना में भी सुबह तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश हुई, हालांकि यह बारिश केवल 10 मिनट तक ही चली, लेकिन इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट आ गई।

वहीं पश्चिमी राजस्थान में बालोतरा जिले के समदड़ी क्षेत्र में रविवार देर रात तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे स्थानीय लोगों को अचानक मौसम के बदले मिजाज का सामना करना पड़ा। इससे पहले रविवार को भी जोधपुर, बीकानेर संभाग के कई इलाकों में बादल छाए रहे और जैसलमेर व फलोदी क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवाएं चली थीं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि 23 और 24 मार्च को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

इसके बाद 25 और 26 मार्च को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से राज्य के करीब 15 जिलों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को भी प्रदेश के कई शहरों में बादल छाने के कारण तापमान में मामूली बदलाव देखने को मिला। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सबसे अधिक रहा, जबकि अन्य शहरों में तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

Next Story