Jaipur: राजस्थान में बारिश का दौर जारी, 22 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

जयपुर: राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को 22 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया गया है। उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में 30 और 31 जुलाई को भारी से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी भी दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान टोंक, झालावाड़, भरतपुर, जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, सीकर, अलवर, नागौर, करौली, कोटा और राजसमंद सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 101 मिमी बारिश टोंक में हुई, जबकि झालावाड़ के झालरापाटन में 87 मिमी पानी बरसा। कई स्थानों पर एक से चार इंच तक वर्षा मापी गई।
बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। चित्तौड़गढ़, सीकर, जयपुर, अलवर, चूरू, करौली और दौसा सहित कई इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं उत्तरी राजस्थान में दिनभर मौसम साफ रहने से गर्मी का असर बना रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, हालांकि शाम होते-होते वहां भी बारिश शुरू हो गई।
धौलपुर जिले में तेज बारिश के कारण बसेड़ी और सैंपऊ क्षेत्र में कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के पास स्थित है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति में सक्रिय हो गई है, जिससे राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय चरण में प्रवेश कर गया है। इसी कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। खासकर उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।





