राजस्थान

Jaipur: जयपुर सहित 10 शहरों में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, धौलपुर में एक इंच से ज्यादा बारिश

Admindelhi1
21 Aug 2026 10:08 AM IST
Jaipur: जयपुर सहित 10 शहरों में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, धौलपुर में एक इंच से ज्यादा बारिश
x
जयपुर समेत 10 शहर बारिश से भीगे, धौलपुर में झमाझम बरसा पानी

जयपुर: प्रदेश में गुरुवार को जयपुर सहित करीब 10 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर में 29 मिमी दर्ज की गई। गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व उसके आस-पास,जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी के आस-पास के क्षेत्रों में 23 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, चूरू, डूंगरपुर, अलवर, बांरा, धौलपुर, करौली, टोंक, कोटा सहित कुछ अन्य शहरों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुरुवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.1 और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर में करीब 1 सप्ताह बाद मौसम बदला और शाम करीब 5.30 बजे कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। करीब आधा घंटे हुई बारिश से कुछ जगहों पर पानी भर गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर आज कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में परिवर्तित हो चुका है। आज भी मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर से होकर गुजर रही है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु व आसपास के क्षेत्रों में 21-23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने व अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि, उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 20 से 23 अगस्त को कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

राजधानी जयपुर में गुरुवार दोपहर बाद मौसम बदला और कई इलाकों में तेज बरसात हुई। इस दौरान सड़कों पर पानी बहने लगा। शहर के जवाहर लाल नेहरू मार्ग, मालवीय नगर, झालाना सहित कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं सी-स्कीम समेत कई इलाकों में दोपहर से घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। जलसंसाधन विभाग के अनुसार जयपुर मेंं करीब 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि दिन में धूप खिलने से पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 0.5 और रात के पारे में 1.3 डिग्री का उछाल देखा गया।

Next Story